बाब अल-मंदेब पर कब्जे की जंग तेज, यमनी सेना और हूती विद्रोहियों में भीषण लड़ाई

अदन, यमन

बाब अल-मंदेब स्ट्रेट पर नियंत्रण को लेकर यमन में संघर्ष तेज हो गया है। सऊदी अरब के समर्थन वाली यमनी सेना ने हूती विद्रोहियों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। इस दौरान स्ट्रेट के आसपास के हूती नियंत्रण वाले द्वीपों और समुद्री तटों पर सऊदी लड़ाकू विमानों ने हवाई हमले किए हैं।

यमनी सेना तटवर्ती पहाड़ी इलाकों की ओर आगे बढ़ रही है। यमन सरकार ने रविवार को अपने कब्जे से बाहर हुए ठिकानों को वापस लेने के लिए बड़े अभियान की घोषणा की थी।

सोमवार को यमन के सूचना मंत्री मुअम्मर अल-इरयानी ने दावा किया कि बाब अल-मंदेब के आसपास सरकारी सेना ने हूती विद्रोहियों के खिलाफ बढ़त हासिल की है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लड़ाई जारी है। जिन इलाकों में सरकारी सेना ने बढ़त का दावा किया है, उन्हें हूती ने करीब एक महीने पहले सरकारी सेना से छीना था।

इन इलाकों पर कब्जे के बाद बाब अल-मंदेब स्ट्रेट और लाल सागर से गुजरने वाले जहाजों के आवागमन पर हूती का प्रभाव बढ़ गया था। हूती ने सऊदी अरब के जहाजों को इस समुद्री मार्ग से गुजरने से रोक रखा है, जबकि अन्य देशों के लिए यह मार्ग खुला हुआ है।

तैज-अदन रोड के आसपास भी संघर्ष

ताजा लड़ाई दक्षिण-पश्चिम यमन के समुद्र किनारे स्थित पहाड़ी इलाके में हो रही है। इसी क्षेत्र से तैज-अदन रोड गुजरती है, जो यमन के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। पिछले सप्ताह हूती ने इस सड़क पर बने एक छोटे पुल को विस्फोट से क्षतिग्रस्त कर दिया था।

यमन का तैज शहर देश के प्रमुख शहरों में शामिल है और इसकी आबादी पांच लाख से अधिक है। शहर सरकार के नियंत्रण में है, लेकिन इसके आसपास हूती और सरकारी बलों के बीच संघर्ष जारी रहता है।

राजधानी सना पर 2014 से हूती का नियंत्रण है। बाब अल-मंदेब पर बढ़ते संघर्ष से यमन के भीतर जारी सत्ता संघर्ष और गहरा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!