मनाली, हिमाचल प्रदेश
वीकेंड की छुट्टियों के चलते पर्यटन नगरी मनाली एक बार फिर पर्यटकों से गुलजार हो गई है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली समेत पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक मनाली पहुंचे हैं। दो दिनों के भीतर 4000 से अधिक पर्यटक वाहन मनाली पहुंचने से शहर में पर्यटकों की भीड़ बढ़ गई है।
बीते दिनों हुई बारिश और बर्फबारी के बाद मनाली के मौसम में बदलाव आया है। तापमान में गिरावट के कारण सुबह, शाम और रात के समय ठंड का अहसास बढ़ गया है। इसी ठंड का आनंद लेने के लिए पर्यटक बड़ी संख्या में मनाली का रुख कर रहे हैं।
मनाली के साथ-साथ लाहुल-स्पीति के पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की भीड़ देखने को मिल रही है। रोहतांग और लाहुल के अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों को बर्फ के दीदार भी हो रहे हैं। इससे पर्यटकों में खासा उत्साह है।
सड़कों पर बढ़ी जाम की समस्या
पर्यटकों की भारी आमद का असर मनाली की यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा है। मनाली शहर के अलावा मनाली-रोहतांग मार्ग और लेफ्ट बैंक मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। शनिवार सुबह भी कई जगहों पर वाहनों की कतारें लग गईं।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या से जहां यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है, वहीं पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल है। होटल कारोबारियों के अनुसार, मनाली के होटलों में करीब 60 से 70 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है।
वीकेंड पर पर्यटकों की इस बढ़ती भीड़ से मनाली के पर्यटन कारोबार को राहत मिली है। वहीं, बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने से शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव भी बढ़ गया है।
